उत्तराखंड: दिन में लिए सात फेरे, रात को दुल्हन गायब, जानिये पूरा मामला

उत्तराखंड:  दिन में लिए सात फेरे, रात को दुल्हन गायब, जानिये पूरा मामला

देहरादून: देहरादून से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां फिल्मों की तर्ज पर एक दूल्हा ठगी का शिकार हो गया। पंडित ने रिश्ता करवाया, मंदिर में शादी के बाद रात में दुल्हन जेवर लेकर लापता हो गई। परिवार को न तो दुल्हन का घर पता है और न ठीक से नाम। इसके बाद जब पुलिस को तहरीर दी तो बात पंडित पर आकर अटक गई कि वही बताएंगे, दुल्हन कहां गई।

घटना झाझरा क्षेत्र के आकाश कुमार के परिवार के साथ हुई। जानकारी देते हुए आकाश की बहन पूनम ने बताया कि क्षेत्र का एक पंडित रिश्ते करवाता है। उसने पिंकी नाम की लडक़ी का रिश्ता बताया था। सोमवार को पिंकी और उसके कथित बहन व जीजा आदि उनके घर आए। यहां आकाश को पिंकी और पिंकी को आकाश पसंद आ गए।

इसके बाद मंगलवार को सुद्धोवाला स्थित शिव मंदिर में दोनों की परिवारों की मौजूदगी में शादी हुई और शाम को पार्टी भी हुई। आकाश मजदूरी करता हैं। उनके परिवार ने अपनी बहू पिंकी को चांदी का गले का सेट, पायल, कान के झुमके आदि भेंट किए थे। रात में सब खाना खाकर सो गए। सुबह जब आंख खुली तो दुल्हन फरार थी।

दुल्हन सारा सामान लेकर चंपत हो गई। आकाश की बहन ने बताया कि उन्होंने झाझरा चौकी में घटना की शिकायत की। इस पर चौकी प्रभारी ने कहा कि पंडित को ढूंढो और उस पर सामान लौटाने का दबाव बनाओ। अब पंडित का भी पता नहीं चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related articles

Leave a Reply

Share