क्या साल के अंत में सात राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव ?

क्या साल के अंत में सात राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव ?

इस साल के अंत तक दो नहीं, बल्कि सात राज्यों में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। इसको लेकर तैयारी तेज हो गई है। इनमें गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव होना तो तय है। इसके अलावा कर्नाटक, जम्मू कश्मीर, मेघालय, त्रिपुरा और नगालैंड में भी सरकार चुनाव कराने की कोशिश में है।

अगर ऐसा होता है तो कर्नाटक, मेघालय, त्रिपुरा और नगालैंड में समय से पहले चुनाव होंगे। इनमें से तीन राज्यों की सरकारों का कार्यकाल अगले साल यानी मार्च 2023 और कर्नाटक का मई 2023 में पूरा हो रहा है। वहीं, जम्मू कश्मीर में 2019 से ही राष्ट्रपति शासन लागू है। यहां भी चुनाव लंबित है। अब सरकार की कोशिश है कि नवंबर में एकसाथ इन सभी राज्यों में चुनाव करा दिए जाएं।

दो कारण… जिनसे नॉर्थ ईस्ट में समय से पहले चुनाव कराने के कयास लग रहे

1. नड्डा ने मेघालय सीएम से बात की : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पिछले हफ्ते मेघालय के मुख्यमंत्री कोर्नाड संगमा से फोन पर बात की। भाजपा सूत्रों के मुताबिक नड्डा ने संगमा से समय से पहले राज्य में चुनाव को लेकर बात की है। ये जानने की कोशिश की है कि क्या समय से पहले राज्य में चुनाव कराए जा सकते हैं? अगर ऐसा होता है तो कहीं पार्टी को नुकसान तो नहीं होगा?

2. बीएल संतोष की नॉर्थ ईस्ट यात्रा : भाजपा के संगठन मंत्री बीएल संतोष आज से दो दिन की त्रिपुरा यात्रा पर हैं। त्रिपुरा सरकार का कार्यकाल भी अगले साल मार्च में खत्म हो रहा है। ऐसे में यहां भी समय से पहले चुनाव कराने की तैयारी है। बीएल संतोष अपनी इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी विनोद सोनकर के साथ-साथ गठबंधन दल के नेताओं और विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे। कहा जा रहा है कि इस बैठक के जरिए भी वह यह जानने की कोशिश करेंगे कि अगर समय से पहले यहां चुनाव होते हैं तो उसके क्या फायदे और क्या नुकसान हो सकते हैं? बता दें कि दो महीने पहले ही त्रिपुरा में भाजपा ने मुख्यमंत्री बदला है।

क्या समय से पहले चुनाव कराना संभव है? 
हां, अगर सरकार के प्रस्ताव पर राज्यपाल विधानसभा भंग कर दें तो समय से पहले चुनाव संभव हैं। अभी समय से पहले जिन-जिन राज्यों में चुनाव की चर्चा है, वहां या तो भाजपा की सरकार है या फिर भाजपा सरकार का हिस्सा है। मसलन कर्नाटक और त्रिपुरा में भाजपा की सरकार है। वहीं, मेघालय, नगालैंड में भाजपा गठबंधन के साथ सरकार में है। इसलिए अगर भाजपा अपने गठबंधन के बाकी दलों को समझा लेती है तो समय से पहले इन राज्यों में चुनाव संभव हैं।

Related articles

Leave a Reply

Share