नैनीताल में गैस संकट के बीच नई व्यवस्था लागू, पर्ची के आधार पर ही मिलेगा सिलेंडर
नैनीताल जिले में रसोई गैस की कमी के बीच गैस वितरण को व्यवस्थित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब वितरण वाहनों में जितने सिलेंडर होंगे, उतनी ही पर्चियां भी होंगी और केवल पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर दिया जाएगा।
जिले में करीब साढ़े तीन लाख उपभोक्ता हैं, जिन्हें 16 से अधिक गैस एजेंसियों के माध्यम से आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडरों का बैकलॉग लगभग 25 हजार तक पहुंच गया है। हल्द्वानी के सरस मार्केट स्थित एजेंसी में ही एक दिन में करीब 7 हजार सिलेंडरों की कमी दर्ज की गई है।
उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी 10 दिन से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं वितरण ठेकेदारों पर मनमाने तरीके से सिलेंडर बांटने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। शुक्रवार को अवकाश के बावजूद गैस एजेंसियां खुली रहीं और बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े दिखाई दिए। नीलियम कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में लोग वितरण वाहनों का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया।
अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ताओं द्वारा सिलेंडर मिलने के तुरंत बाद दोबारा बुकिंग कराने से भी बैकलॉग बढ़ रहा है। इसे नियंत्रित करने के लिए अब “पहले बुकिंग, पहले आपूर्ति” की व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत अब हर सिलेंडर के साथ उपभोक्ता के नाम की पर्ची दी जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि पहले बुकिंग करने वालों को ही गैस मिले। जिला प्रशासन ने सभी एजेंसियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार 2 अप्रैल को कुल 7,680 घरेलू सिलेंडर, 270 वाणिज्यिक सिलेंडर और 78 छोटे सिलेंडर वितरित किए गए।
इसे भी पढ़ें – केदारनाथ यात्रा: 200 स्वास्थ्यकर्मी तैनात, 12 एंबुलेंस हर समय रहेंगी तैयार
इस बीच लोगों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। बिठौरिया क्षेत्र की देवकी विहार कॉलोनी में निवासियों ने आरोप लगाया है कि 20 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिला है। 13 और 14 मार्च को बुकिंग कराने वाले लोग अब भी इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोग पहले ही सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में विरोध दर्ज करा चुके हैं और आगे भी आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।
