PM मोदी ने किया 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन, शिव तांडव और लेजर शो ने दर्शकों का मन मोहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का रंगारंग उद्घाटन किया। इस भव्य आयोजन की शुरुआत शिव तांडव नृत्य और “मैं हिमालय हूं” डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद हिमालय पर्वत की पृष्ठभूमि पर लेजर शो और शिव तांडव स्त्रोत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि इस खेल आयोजन में 10,000 से अधिक खिलाड़ी 35 विभिन्न खेलों में भाग लेंगे। उन्होंने ग्रीन गेम्स की थीम पर जोर देते हुए कहा कि आयोजन में सौर ऊर्जा का उपयोग और प्लास्टिक का न्यूनतम प्रयोग किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार ने धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे कई महत्वपूर्ण संकल्प पूरे किए हैं। उन्होंने उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने खेल मंत्री रेखा आर्या की सराहना की और उत्तराखंड के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस भव्य आयोजन ने उत्तराखंड के विकास और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देने के साथ-साथ खेल और संस्कृति के अद्भुत समन्वय का प्रदर्शन किया।