79वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की 6 घोषणाएं

79वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की 6 घोषणाएं

देहरादून – 79वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सेवा और विशिष्ट कार्य के लिए पदक प्रदान किए। राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को मिला। मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से कई अधिकारियों को सेवा एवं विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें पुलिस अधिकारी, लीडिंग फायरमैन और खिलाड़ियों का नाम शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए राज्यहित में 6 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—

  1. विद्यालयों में गैस सुविधा: जिन स्कूलों में मिड-डे मील योजना के लिए गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध नहीं हैं, वहां दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा उपलब्ध कराया जाएगा।

  2. हैंडपंप स्थापना: पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक क्षेत्र में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।

  3. ग्राम प्रहरी मानदेय वृद्धि: ग्राम चौकीदार और ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1000 की बढ़ोतरी होगी।

  4. सैनिक कल्याण मानदेय वृद्धि: सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2000 की वृद्धि होगी।

  5. दूरस्थ शिक्षा केंद्र: राज्य के हर जिले में विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित होंगे, जिनका संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।

  6. हिमालयी ग्लेशियर अध्ययन: गंगोत्री ग्लेशियर सहित अन्य हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन होगा और आपदा प्रबंधन विभाग को और मजबूत किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, मंदिरों से लेकर स्कूल-कॉलेज और वन मुख्यालय तक गूंजा देशभक्ति का स्वर
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि पुनर्वास कार्य तेज़ी से होंगे। उन्होंने राज्य की विकास योजनाओं, पर्यटन नीति, औद्योगिक निवेश, खेल उपलब्धियों, कृषि नीतियों और बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं का उल्लेख किया। बेरोजगारी दर में कमी, जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि तथा समान नागरिक संहिता व धर्मांतरण रोधी कानून लागू करने को भी बड़ी उपलब्धियां बताया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मंत्रिमंडल सदस्य, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Saurabh Negi

Share