अग्निवीर भर्ती: ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 22 वर्ष

भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in के माध्यम से 1 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा के जरिए होगी, जो देशभर के 176 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अधिकतम आयु सीमा को 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दिया गया है। अब 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष तक की आयु के अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को पांच पसंदीदा परीक्षा केंद्र चुनने होंगे, जिनमें से एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन जमा करना होगा।
प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ही भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस बार उम्मीदवारों को दो अलग-अलग श्रेणियों में एक साथ आवेदन करने की अनुमति दी गई है, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
आर्मी भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत उत्तराखंड के चार जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधम सिंह नगर के युवा इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
योग्यता मानकों के अनुसार, अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए कक्षा 10 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। टेक्निकल, क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए विज्ञान विषय के साथ कक्षा 12 पास होना जरूरी है। ट्रेड्समैन पदों के लिए कक्षा 10 या कक्षा 8 पास अभ्यर्थी पात्र होंगे। महिला मिलिट्री पुलिस और नर्सिंग असिस्टेंट पदों के लिए कक्षा 10 पास की योग्यता तय की गई है।
खेल उपलब्धि हासिल करने वाले अभ्यर्थियों, एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों और आईटीआई उत्तीर्ण उम्मीदवारों को बोनस अंक दिए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों को उपलब्धियों के आधार पर अंक मिलेंगे। एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 बोनस अंक दिए जाने का प्रावधान है।
इसे भी पढ़ें – देहरादून: चंद्रबनी क्षेत्र में नाले से शव बरामद, पहचान नहीं हो सकी
अल्मोड़ा भर्ती निदेशक कर्नल मेहश कुमार ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को दलालों से दूर रहने की सलाह दी और केवल आधिकारिक वेबसाइट या भर्ती कार्यालय से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने का आग्रह किया।




