अल्मोड़ा में ‘माओवादी आतंक’ वाले गुमनाम पोस्टर लगे, जांच शुरू

अल्मोड़ा में कई सार्वजनिक स्थानों पर ‘माओवादी आतंक’ का दावा करने वाले गुमनाम पोस्टर सामने आए हैं। गांधी पार्क और केएमओ बस अड्डे के आसपास ऐसे पोस्टर लगाए जाने से स्थानीय लोगों और प्रशासन में चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टरों में कुछ घरों को निशाना बनाए जाने, पुरुषों और महिलाओं की निगरानी तथा महिलाओं से जुड़ी आपत्तिजनक गतिविधियों के आरोप लगाए गए हैं। इसमें कुछ सरकारी विभागों के कर्मचारियों की संलिप्तता का भी दावा किया गया है। हालांकि पोस्टरों में न तो तारीख, न स्थान और न ही किसी घटना या साक्ष्य का कोई स्पष्ट उल्लेख किया गया है।
यह दस्तावेज़ बिना किसी नाम या पहचान के जारी किया गया है। अंत में केवल “एक सामाजिक, जिम्मेदार नागरिक” लिखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि बिना पुष्टि और विवरण के इस तरह के आरोप सार्वजनिक शांति भंग कर सकते हैं और अनावश्यक भय फैला सकते हैं।
इसे भी पढ़ें – अल्मोड़ा जिला न्यायालय को ईमेल से बम की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पुलिस और प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पोस्टरों के स्रोत और उद्देश्य का पता लगाने के लिए जांच जारी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अप्रमाणित सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




