हरिद्वार–रुड़की रोड स्थित आरोग्यम सोसाइटी में जमीन विवाद पर झड़प, वाहन क्षतिग्रस्त, वीडियो वायरल

हरिद्वार–रुड़की रोड पर स्थित आरोग्यम सोसाइटी में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को तनाव हिंसा में बदल गया। आरोप है कि सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष के समर्थक बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के साथ परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे विवाद शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
दूसरे पक्ष का कहना है कि सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय निवासियों ने जब समूह को अंदर जाने से रोका, तो बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आने की सूचना है। साथ ही सोसाइटी परिसर और आसपास खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना के दौरान हालात तेजी से बेकाबू हो गए। हिंसा फैलने पर कई लोगों को अपने घरों में ही रहना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें लोगों के बीच मारपीट और वाहनों को नुकसान पहुंचाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो आरोग्यम सोसाइटी का ही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को है और मामले पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने और तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद सोसाइटी निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि ऐसे आवासीय परिसरों में लंबे समय से चले आ रहे विवाद समय पर नहीं सुलझाए गए, तो भविष्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और गंभीर हो सकती है।




