परिवहन निगम के डीजीएम भूपेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, विजिलेंस दर्ज करेगी मुकदमा

परिवहन निगम के डीजीएम भूपेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, विजिलेंस दर्ज करेगी मुकदमा

उत्तराखंड परिवहन निगम के डीजीएम (वित्त) भूपेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में अब विजिलेंस मुकदमा दर्ज करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई राज्य सतर्कता समिति की बैठक में मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति दी गई है। विजिलेंस ने दो वर्षों तक चली जांच के बाद यह रिपोर्ट तैयार की थी।

मई 2023 में राज्य निगम कर्मचारी-अधिकारी महासंघ ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर डीजीएम भूपेंद्र कुमार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने निगम में अनुबंधित बस स्वामियों से पारिवारिक सदस्यों के बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई, साथ ही लाखों रुपये नकद में लिए। महासंघ ने भूपेंद्र कुमार के परिजनों के बैंक खातों की जानकारी भी मुहैया कराई थी।

मुख्यमंत्री ने इन आरोपों को गंभीर मानते हुए विजिलेंस को खुली जांच के निर्देश दिए थे। जांच की अवधि 1 जनवरी 2018 से 31 दिसंबर 2023 तक तय की गई थी। विजिलेंस जांच में सामने आया कि भूपेंद्र कुमार को इस अवधि में विभिन्न ज्ञात स्रोतों से ₹1,82,37,376 की आय हुई, जबकि उन्होंने कुल ₹2,42,02,050 खर्च किए। यानी ₹59,64,674 की संपत्ति आय से अधिक पाई गई।

इसे भी पढ़ें  – ऋषिकेश: गुमानिवाला में हरियाणा नंबर की कार के युवकों ने ग्रामीणों पर ताना तमंचा, भीड़ देखकर भागे

30 जून 2025 को हुई राज्य सतर्कता समिति की बैठक में रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री धामी ने समीक्षा के बाद मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति दी। अब विजिलेंस जल्द ही डीजीएम भूपेंद्र कुमार के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज करेगी।

 

Saurabh Negi

Share