श्री देव सुमन परिसर चंद्रबदनी में बिरसा मुंडा जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

टिहरी गढ़वाल -श्री देव सुमन परिसर, चंद्रबदनी में 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा वंदना ने बिरसा मुंडा के जीवन परिचय और जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान पर भाषण प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्रोफेसर वेदनिधि गोनियाल ने जनजातीय संस्कृति के संरक्षण में बिरसा मुंडा की भूमिका और उनके अवदान पर प्रकाश डाला। समाजशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. पी.एस. बिष्ट ने अंग्रेजों के विरुद्ध बिरसा मुंडा के संघर्ष और अपनी संस्कृति को बचाने के उनके प्रयासों की चर्चा की। उन्होंने देश की विभिन्न जनजातियों के बारे में भी जानकारी साझा की।
रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. दयाधर दीक्षित ने बिरसा मुंडा के संघर्षों को वर्तमान समय में अपनाने योग्य बताते हुए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने संदेश देते हुए कहा कि गौरव दिवस पर विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण हेतु बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी प्राध्यापकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे।




