भाजपा में अनुशासनहीनों को नहीं मिलेगा संगठन में स्थान, महेंद्र भट्ट के संकेत

भाजपा ने संगठनात्मक चुनाव को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अनुशासनहीन और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को संगठन में कोई पद नहीं दिया जाएगा, न ही निर्दलीयों को पार्टी में शामिल किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि सक्षम, समर्थ और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम का चयन कर 2027 में भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
भट्ट ने निर्देश दिया कि अनुशासनहीनता करने वालों को संगठन में किसी भी स्तर पर स्थान न मिले। उन्होंने फरवरी तक जिला अध्यक्षों के चुनाव और मार्च में राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन में राज्य की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
इस मौके पर केंद्रीय पर्यवेक्षक व किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राजकुमार चाहर ने भाजपा के संगठन चुनाव को लेकर शीर्ष नेतृत्व के निर्देश साझा किए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता कभी थकते नहीं हैं और 15 लाख सदस्यता लक्ष्य के सापेक्ष 21 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए गए हैं। साथ ही, मातृशक्ति की बढ़ती भागीदारी को ध्यान में रखते हुए संगठन को तैयार करने की जरूरत पर बल दिया। चाहर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार के ऐतिहासिक और साहसिक कार्यों की देशभर में चर्चा हो रही है।