भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में संगठन को मजबूती देने के लिए जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। सिद्धार्थ अग्रवाल को देहरादून महानगर अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पछवादून, नैनीताल और चंपावत समेत अन्य जिलों में भी नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
भाजपा के नए जिलाध्यक्षों की सूची:
- सिद्धार्थ अग्रवाल – देहरादून महानगर अध्यक्ष
- मीता सिंह – पछवादून जिलाध्यक्ष
- प्रताप सिंह बिष्ट – नैनीताल बीजेपी अध्यक्ष
- गोविंद सामंत – चंपावत बीजेपी अध्यक्ष
जल्द हो सकता है नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान
उत्तराखंड भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के भीतर यह संभावना जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। अब सवाल यह है कि पार्टी नेतृत्व यह जिम्मेदारी किसी अनुभवी राजनेता को देगा, किसी युवा चेहरे को मौका मिलेगा या फिर किसी महिला नेता को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी जाएगी।
प्रदेश संगठन के चुनावों की स्थिति
भाजपा पहले ही मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर चुकी है। 19 सांगठनिक जिलों के अध्यक्ष पदों के लिए नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था, जिसमें से अब कुछ नामों की घोषणा कर दी गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही अन्य जिलाध्यक्षों के नाम भी घोषित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद होगा फैसला
सूत्रों की मानें तो भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्य संगठन की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के तुरंत बाद उत्तराखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की भी घोषणा संभव है। पार्टी नेताओं का मानना है कि होली के बाद भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का फैसला भी जल्द कर लिया जाएगा।