सीडीएस जनरल अनिल चौहान 21 फरवरी को उत्तराखंड दौरे पर, गढ़वाल विश्वविद्यालय में कार्यक्रमों में होंगे शामिल

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान 21 फरवरी को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रीनगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रस्तावित दौरे को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सीडीएस के आगमन से पहले विश्वविद्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह ने की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथि प्रबंधन और समन्वय से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सफल हो सके।
विश्वविद्यालय स्तर पर सीडीएस के दौरे और कार्यक्रमों के संचालन के लिए कई समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें मंच संचालन, लॉजिस्टिक व्यवस्था, सुरक्षा समन्वय और मीडिया प्रबंधन शामिल है। दौरे के दौरान जनरल अनिल चौहान द्वारा अग्निवीरों के लिए प्रस्तावित एक कौशल विकास पाठ्यक्रम का शुभारंभ किए जाने की भी संभावना है, जिससे सशस्त्र बलों से जुड़े युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इसे भी पढ़ें – हरिद्वार के होटल में एनआरआई महिला की संदिग्ध हालात में मौत, जांच शुरू
बैठक में कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, कुलसचिव अनीस-उज-जमां, वित्त अधिकारी प्रोफेसर एन.एस. पंवार, डीन छात्र कल्याण प्रोफेसर ओ.पी. गुसाईं, मुख्य प्रॉक्टर प्रोफेसर दीपक कुमार, उप कुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय ध्यानी, प्रभारी अधिशासी अभियंता प्रोफेसर बृजेश गंगिल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सीडीएस के प्रस्तावित दौरे को गरिमामय और सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।




