पोखरी के प्राथमिक विद्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग, उपकरण जलकर नष्ट

चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैनी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से विद्यालय में रखे कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे विद्यालय की वाई-फाई लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ। कुछ ही देर में आग ने पास रखे कंप्यूटर सिस्टम और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
ग्राम प्रहरी दलील सिंह ने घटना की सूचना पोखरी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक दलवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक कंप्यूटर सेट और अन्य सामग्री जलकर राख हो चुकी थी।
विद्यालय के शिक्षक कमल सिंह असवाल ने बताया कि वाई-फाई लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। इससे कंप्यूटर उपकरण और फर्नीचर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
इसे भी पढ़ें – थानो मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ को लेकर तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई है। विद्यालय प्रशासन द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




