चंपावत के घाट क्षेत्र में कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, दो युवक घायल

चंपावत के घाट क्षेत्र में कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, दो युवक घायल

चंपावत जिले में सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक कार घाट क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार यूके-03-3999 पंजीकरण संख्या वाली कार घाट पुल से पहले अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की बाराकोट चौकी और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा की लोहाघाट टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। बचाव दल ने क्षतिग्रस्त वाहन से दोनों घायलों को बाहर निकाला और खाई से ऊपर लाया। इसके बाद दोनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से लोहाघाट के जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में बदला मौसम, देहरादून में बारिश और केदारनाथ में बर्फबारी

तहसीलदार बृजमोहन आर्य ने बताया कि वाहन चालक युवराज ओली (18) पुत्र राजकिशोर, निवासी गलचौड़ा लोहाघाट, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं दूसरे युवक दीपेश खड़ख्वाल (18) पुत्र गिरीश खड़ख्वाल, निवासी पिथौरागढ़, को हल्की चोटें आई हैं। प्रशासन के अनुसार गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए हवाई मार्ग से बड़े अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।

Saurabh Negi

Share