चंद्र ग्रहण 2025: सात सितंबर को दिखेगा ब्लड मून, रातभर होगा खास नजारा

चंद्र ग्रहण 2025: सात सितंबर को दिखेगा ब्लड मून, रातभर होगा खास नजारा

इस वर्ष का दूसरा चंद्रग्रहण सात (7) सितंबर को लगेगा। भारत समेत कई देशों में यह पूर्ण चंद्रग्रहण देखा जा सकेगा। खगोलविदों के अनुसार इस बार ग्रहण के दौरान चांद लाल और नारंगी रंग में रंगा हुआ नजर आएगा, जिसे ब्लड मून कहा जाता है।

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ खगोल विज्ञानी डॉ. शशिभूषण पांडेय ने बताया कि भारतीय समयानुसार ग्रहण रात 8.58 बजे उपछाया से शुरू होगा। 9.58 बजे आंशिक छाया दिखेगी और 11 बजे से पूर्ण चंद्रग्रहण लगेगा। इस दौरान चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया से ढक जाएगा और लालिमा लिए खूबसूरत दृश्य प्रस्तुत करेगा।

डॉ. पांडेय के अनुसार चंद्रग्रहण का पूर्ण चरण रात 1.25 बजे तक रहेगा, इसके बाद उपछाया का असर 2.25 बजे तक दिखेगा। उसके बाद चांद सामान्य रूप में लौट आएगा। यह ग्रहण भारत के अलावा चीन, रूस, अरब देशों, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया, पूर्वी अफ्रीका और यूरोप के कई हिस्सों से भी देखा जा सकेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में आ जाते हैं तो पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। पृथ्वी के वायुमंडल से गुजरती सूर्य की किरणें नीली रोशनी को छांट देती हैं और लाल रंग चंद्रमा तक पहुंचता है, जिससे वह लाल अथवा नारंगी दिखने लगता है। इससे ही इसे ब्लड मून कहा जाता है।

इसे भी पढ़ें – धर्म परिवर्तन के दबाव में युवती से जबरन निकाह की कोशिश, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

इससे पहले ब्लड मून चंद्रग्रहण वर्ष 2022 में देखा गया था।

Saurabh Negi

Share