चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार पर यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

चारधाम यात्रा के मुख्य प्रवेश द्वार हरिद्वार में यात्रियों की सुविधा के लिए वृहद योजना तैयार की जा रही है। ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप की तर्ज पर यहां एक ही परिसर में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें पंजीकरण, ठहरने, यात्रा पड़ाव और अन्य व्यवस्थाओं को समाहित किया जाएगा। शासन ने नगर निगम प्रशासन को स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं, जिसके तहत कार्य शुरू हो गया है।
योजना के तहत, पर्यटन विभाग नगर निगम से भूमि लेकर आवश्यक सुविधाएं विकसित करेगा। प्रवर्तन और पुलिस विभाग भी इस प्रस्ताव में अहम भूमिका निभाएंगे। पंजीकरण कार्यालय और ट्रांजिट कैंप की तरह यात्रियों को एक ही स्थान पर समस्त जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए हरिद्वार में एक बड़े क्षेत्र का चयन किया जा रहा है।
पारंपरिक रूप से चारधाम यात्रा की शुरुआत हरिद्वार में हरकी पैड़ी स्नान के बाद होती है। वर्तमान में यात्रियों को पंजीकरण कराने और आगे की यात्रा के लिए ऋषिकेश जाना पड़ता है। इस नई योजना से हरिद्वार में ही पंजीकरण और यात्रा की शुरुआत संभव होगी। इससे प्राइवेट टैक्सी चालकों द्वारा अनियंत्रित किराया वसूलने की समस्या भी खत्म होगी। यात्रा की संपूर्ण निगरानी आरटीओ प्रशासन और पर्यटन विभाग करेंगे।
सुविधाएं जो मिलेंगी
- ऑफलाइन पंजीकरण और टोकन सुविधा।
- स्वास्थ्य जांच, अस्पताल और निशुल्क दवाएं।
- वातानुकूलित हॉल, कूलर-पंखों की सुविधा।
- मनोरंजन के लिए टीवी और समाचार पत्र-पत्रिकाएं।
- आराम के लिए डोरमेट्री की सुविधा।
- स्नानघर और शौचालय।
- शुद्ध सात्विक भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन।