केदारनाथ हेली सेवा फिर शुरू, एटीसी ने दी क्लियरेंस

केदारनाथ हेली सेवा फिर शुरू, एटीसी ने दी क्लियरेंस

उत्तराखंड – भारत-पाक तनाव के बीच केंद्र सरकार द्वारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) क्लियरेंस मिलने के बाद शनिवार को केदारनाथ की हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू कर दी गई है। कुछ घंटों तक एटीसी मंजूरी के अभाव में यह सेवा अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। अब चारधाम यात्रा के सभी हेली मार्गों पर सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को शासकीय आवास में एक उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसमें चारधाम यात्रा की स्थिति, सुरक्षा और राज्य स्तर पर केंद्र के निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि केदारनाथ सहित चारों धामों के लिए हेली सेवा अब सामान्य रूप से चल रही है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) की सीईओ सोनिका ने बताया कि कुछ तकनीकी अनुमतियों (NOC) में देरी के कारण सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं, लेकिन अब सभी सेवाएं पुनः शुरू कर दी गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, साइबर सतर्कता बढ़ाई गई

भारत-पाक सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच भारत ने कई सीमावर्ती क्षेत्रों में वायु सुरक्षा प्रणाली को मजबूत किया है। शुक्रवार रात पाकिस्तान द्वारा 26 शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, जिसका भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके मद्देनज़र राज्य की साइबर सुरक्षा को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

इसे भी पढ़ें – एम्स ऋषिकेश में नर्सिंग सप्ताह के तहत रक्तदान और स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित

डीजीपी दीपम सेठ ने STF को साइबर हमलों के खतरे को देखते हुए विशेष सतर्कता के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में साइबर कमांडो सक्रिय कर दिए गए हैं, जो इंटरनेट गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही नागरिकों को सतर्क रहने और अनजान लिंक या संदेशों से बचने की सलाह दी गई है।

Saurabh Negi

Share