चारधाम यात्रा पर नया निर्देश: उत्तरकाशी में रात 9 से सुबह 5 तक वाहनों की आवाजाही बंद

चारधाम यात्रा और बारिश के बीच उत्तरकाशी प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब जनपद के सभी पुलिस बैरियरों पर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यह फैसला मानसून सीजन में लगातार हो रहे भूस्खलनों और दुर्घटनाओं को देखते हुए लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल एंबुलेंस, आपातकालीन सेवा, सेना और अर्धसैनिक बलों के वाहनों को ही इस दौरान चलने की अनुमति दी जाएगी। बाकी सभी निजी और यात्रा वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया जाएगा। इस आदेश के पीछे बीते वर्षों की घटनाएं हैं, जब रात में अचानक हुए भूस्खलन से यात्रियों की जान पर बन आई थी।
गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे समेत राज्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर बरसात में मलबा और चट्टानें गिरने की घटनाएं आम हैं। साथ ही इन दिनों चारधाम यात्रा भी चल रही है, जिससे सड़कों पर दबाव बढ़ गया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया है।
जनपद में कुल 6 पुलिस बैरियर हैं, जिन पर यह व्यवस्था लागू की गई है। रात 9 बजे के बाद इन बैरियरों से आगे बढ़ने वाले सभी गैर-आवश्यक वाहनों को वहीं आसपास सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया जाएगा। स्थानीय वाहनों पर भी यह रोक प्रभावी रहेगी।प्रशासन ने अपील की है कि सभी यात्री और स्थानीय नागरिक इस आदेश का पालन करें ताकि मानसून के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया है।