मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी दीपावली की शुभकामनाएँ, स्वच्छता और सद्भाव से पर्व मनाने का किया आह्वान

देहरादून — उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए लोगों से पर्व को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें सकारात्मकता और सादगी के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर राज्यभर से आए नागरिकों, मंत्रियों, विधायकों, और प्रशासनिक, पुलिस व वन सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी आगंतुकों को उनके परिवार सहित दीपावली की मंगलकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हर घर में खुशहाली, समृद्धि और नए अवसरों का संचार करे। उन्होंने कहा, “दीपावली अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह समाज को पवित्रता, सौहार्द और भलाई का संदेश देती है।”
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाएँ और राज्य को सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में योगदान दें।



