डोल आश्रम में श्री पीठम स्थापना महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, कहा– आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

डोल आश्रम में श्री पीठम स्थापना महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, कहा– आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 12 मई को अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा स्थित डोल आश्रम में श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं का पूजन किया, माँ राजेश्वरी का अभिषेक और प्रदेश की सुख-समृद्धि हेतु पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डोल आश्रम साधना, आध्यात्म और संस्कृति का भव्य केंद्र है। बाबा कल्याणदास जी महाराज द्वारा स्थापित यह आश्रम भविष्य में विश्वस्तरीय श्रद्धा का केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने मानसखंड मंदिर माला मिशन की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।

डोल आश्रम में दिव्यता और शांति का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह आश्रम युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों को अवस्थापना सुविधाओं से जोड़ने पर कार्य कर रही है।

सीएम धामी ने हालिया पहलगाम हमले पर दुख जताते हुए कहा कि भारत आतंकवाद पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्य कर रहा है और सुरक्षाबलों ने कठोर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी सख्त कानूनों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे, एसएसपी देवेंद्र पिंचा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूज्य महाराज कल्याणदास जी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को दिशा देने के लिए व्यसनों से दूरी और आध्यात्म को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने संस्कृत भाषा के संरक्षण पर बल दिया और कहा कि जब तक यह भाषा जीवित है, भारतीय संस्कृति अडिग रहेगी।

Saurabh Negi

Share