मुख्यमंत्री धामी ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण पोर्टल किया लॉन्च

मुख्यमंत्री धामी ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण पोर्टल किया लॉन्च

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों के लिए एक नए प्रशिक्षण पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रशिक्षण पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत श्रमिक आसानी से विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए उनमें भाग ले सकेंगे। इससे प्रशिक्षण से जुड़ी पूरी व्यवस्था की निगरानी भी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी और किसी भी स्तर पर पारदर्शिता बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण पूरा होने के बाद श्रमिकों के समग्र विकास से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब वह श्रमिकों की आजीविका में सुधार और रोजगार के अवसरों से सीधे जुड़ा होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमियों से नियमित रूप से फीडबैक लिया जाना चाहिए, ताकि उनकी आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जा सकें। इससे प्रशिक्षण और रोजगार के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और श्रमिकों को बाजार की मांग के अनुरूप कौशल प्राप्त होगा।

इसे भी पढ़ें – केंद्रीय बजट से उत्तराखंड में ₹40 हजार करोड़ की परियोजनाएं शुरू होंगी: मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार प्लंबिंग, बढ़ईगीरी और विद्युत कार्य जैसे ट्रेड्स में प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय जरूरतों की पूर्ति स्थानीय श्रमिकों से हो सकेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय संतुलन भी बना रहेगा।

Saurabh Negi

Share