गैरसैंण में मुख्यमंत्री से मिलीं सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी

गैरसैंण (भराड़ीसैंण) – आज (बुधवार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भराड़ीसैंण से सारकोट के लिए स्वीकृत सड़क और प्रारंभ हुए कार्यों सहित विगत में हुए विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान नेगी ने मुलाकात के दौरान गांव की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने गांव को जंगली जानवरों से सुरक्षित करने के लिए सोलर फेंसिंग की व्यवस्था, आंतरिक मार्गों के बेहतर निर्माण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार से जोड़ने, गांव की सड़कों पर सोलर लाइट लगाने और निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में बाल रोग एवं महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री धामी ने ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि प्रस्तुत की गई सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को इन मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारकोट को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि यह प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी मिसाल बने।