रामनवमी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान

देहरादून, 6 अप्रैल 2025: रामनवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पर्व की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को प्रेरणास्रोत बताते हुए जनता से उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम हमारी आस्था के केंद्र हैं, जिन्होंने मर्यादा, धैर्य, त्याग, तपस्या और सदाचार जैसे गुणों का जीवन में अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम का चरित्र मानवता को जीवन के हर मोड़ पर नैतिकता और आदर्श की राह दिखाता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भगवान राम ने ब्रह्मस्वरूप होते हुए भी मानव रूप में अवतार लेकर यह बताया कि एक आदर्श मनुष्य का जीवन कैसा होना चाहिए। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना धैर्य और मर्यादा के साथ कर समूचे मानव समाज को प्रेरणा दी।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के व्यक्तित्व और जीवन मूल्यों को अपने व्यवहार में लाएं। उन्होंने कामना की कि रामनवमी का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।