मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी-शास्त्री जयंती और शहीद दिवस पर दी श्रद्धांजलि

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का स्मरण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। हमें अपने आचरण में अहिंसा और मानवता के प्रति करूणा का भाव विकसित करना चाहिए, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनका स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को मजबूती और एकजुटता का मार्ग दिखाया। उनके जीवन में सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सबके लिए प्रेरणादायी हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और त्याग के मार्ग ने समाज को शांति और एकता का संदेश दिया। उन्होंने सभी नागरिकों से गांधी जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
साथ ही मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल कचहरी परिसर में राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण संभव हुआ। सरकार आन्दोलनकारियों और शहीदों के परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वहीं दूसरी ओर मुख्य सचिव श्री चमन आनंद बर्धन ने भी सचिवालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग ने समाज को नैतिकता, सादगी और मानवता की दिशा दिखाई। वहीं, शास्त्री जी ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को एकजुट और मजबूत बनाने का प्रेरणादायक संदेश दिया।
इस अवसर पर सचिवालय में उपस्थित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने में शामिल हुए। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ शपथ दिलाई, जिससे संगठनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना बढ़े।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेन्द्र कुमार चौधरी एवं विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।