उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025: कांग्रेस ने 12 जिलों के लिए किये प्रभारी नियुक्त

उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025: कांग्रेस ने 12 जिलों के लिए किये प्रभारी नियुक्त

देहरादून – आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य के सभी 12 जिलों के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिला प्रभारी नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही चुनावी रणनीति को धार देने के लिए ललित फर्स्वाण को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। यह निर्णय शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता करन माहरा ने की।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना शामिल रहे। बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस ग्राम पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक सभी पदों पर मजबूत उम्मीदवार उतारेगी और पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने आरक्षण व्यवस्था को शून्य करके लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि दो चरणों में चुनाव कराना भाजपा की हार के डर को दर्शाता है।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025: 12 जिलों में दो चरणों में होंगे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, आचार संहिता लागू

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आशंका जताई कि सरकार चुनाव में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर सकती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पौड़ी जिले में आरक्षण व्यवस्था को लेकर गंभीर गड़बड़ियां हैं और इस संबंध में हाईकोर्ट में सुनवाई लंबित है। उन्होंने फिर भी कार्यकर्ताओं से तैयारी में कोई कमी न छोड़ने का आह्वान किया।

12 जिलों के कांग्रेस जिला प्रभारी इस प्रकार हैं:

  • चंपावत: महेंद्र सिंह पाल (पूर्व सांसद)
  • बागेश्वर: महेंद्र सिंह लूंठी
  • अल्मोड़ा: धीरेन्द्र प्रताप
  • पिथौरागढ़: भगीरथ भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष)
  • नैनीताल: संजीव आर्या (पूर्व विधायक)
  • ऊधमसिंहनगर: रणजीत सिंह रावत (पूर्व विधायक)
  • टिहरी: सूर्यकांत धस्माना (प्रदेश उपाध्यक्ष)
  • उत्तरकाशी: मंत्री प्रसाद नैथानी (पूर्व मंत्री)
  • रुद्रप्रयाग: विक्रम सिंह नेगी (विधायक)
  • देहरादून: वीरेंद्र जाती (विधायक)
  • चमोली: प्रदीप थपलियाल
  • पौड़ी: लखपत बुटोला (विधायक)

प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी जल्द ही विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी समन्वयकों की नियुक्ति करेगी, जिससे प्रत्याशियों को हर स्तर पर सहयोग मिल सके।

Saurabh Negi

Share