देहरादून अर्जुन हत्याकांड: संपत्ति विवाद और पारिवारिक रिश्ते जांच के केंद्र में

देहरादून अर्जुन हत्याकांड: संपत्ति विवाद और पारिवारिक रिश्ते जांच के केंद्र में

देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे संपत्ति विवाद और पारिवारिक मतभेदों की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस ने मृतक की पत्नी अभिलाषा की शिकायत पर अर्जुन की मां बीना शर्मा और व्यवसायी विनोद उनियाल समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या डालनवाला थाना क्षेत्र में की गई थी। शिकायत में पत्नी ने आरोप लगाया है कि संपत्ति और पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई। एफआईआर में बीना शर्मा और विनोद उनियाल के बीच कथित करीबी संबंधों का भी उल्लेख किया गया है, जिसे जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है।

हत्या से करीब दस दिन पहले, दो फरवरी को विनोद उनियाल ने बसंत विहार थाने में अर्जुन शर्मा के खिलाफ चेक पर जाली हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। इस मामले में तीन फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।

अर्जुन शर्मा और उनके भाई अतुल शर्मा, भारतीय सेना के शहीद कर्नल रमेश चंद्र शर्मा के पुत्र हैं, जो करीब 38 वर्ष पहले शहीद हुए थे। शहादत के बाद सरकार की ओर से आजीविका के लिए बीना शर्मा को गैस एजेंसी आवंटित की गई थी। यह एजेंसी देहरादून की पैतृक संपत्ति पर पिछले लगभग 37 वर्षों से संचालित हो रही है।

जानकारी के अनुसार, इसी संपत्ति के बदले बैंक ऑफ बड़ौदा से करीब आठ करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, जिसमें अर्जुन शर्मा गवाह और गारंटर थे। अर्जुन ने अपनी मां और विनोद उनियाल के बीच हुए कथित बड़े वित्तीय लेन-देन पर आपत्ति जताई थी। इसी को लेकर परिवार में लगातार विवाद चल रहा था।

वर्ष 2024 में बीना शर्मा ने अर्जुन के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद 2025 में अर्जुन शर्मा ने बीना शर्मा, विनोद उनियाल और संगीता उनियाल के खिलाफ गैस गोदाम से जुड़ी संपत्ति और धोखाधड़ी के आरोप में शिकायत दर्ज कराई थी। इन विवादों के बीच बीना शर्मा ने हाईकोर्ट में सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद बसंत विहार थाना पुलिस से उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी।

विवाद का एक पहलू जीएमएस रोड स्थित उस संपत्ति से भी जुड़ा है, जिसे बीना शर्मा ने अजय खन्ना को बेचा था। इस सौदे को लेकर अर्जुन शर्मा और अजय खन्ना के बीच सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है, जिसमें अर्जुन ने स्थगन आदेश भी प्राप्त किया था।

इसे भी पढ़ें – कालाढूंगी में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बढ़े बिजली बिल, उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की जांच में सभी पहलुओं, पुराने मुकदमों, वित्तीय लेन-देन और संपत्ति विवादों की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इन्हीं विवादों के कारण अर्जुन शर्मा की हत्या की गई।

Saurabh Negi

Share