देहरादून ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, पति ने की पत्नी की हत्या, जंगल में फेंका शव

देहरादून में एक ब्लाइंड मर्डर मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश किया है। मंदुवाला क्षेत्र के जंगल में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने उसके पति को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है।
उत्तराखंड पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि गहन जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। महिला का शव मंदुवाला के जंगल में एक बोरे में बंद मिला था, जिसे आरोपी ने ठिकाने लगाने की कोशिश की थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब चार वर्ष पहले महिला ने किसी अन्य व्यक्ति से विवाह किया था, जिसके बाद आरोपी ने भी दूसरी शादी कर ली थी।
करीब एक वर्ष पहले महिला अपने दूसरे पति से अलग हो गई और फिर आरोपी के संपर्क में आई। लगभग एक महीने पहले वह अपने 11 महीने के बच्चे के साथ आरोपी के पास रहने लगी थी। पुलिस के अनुसार महिला आरोपी पर अपनी दूसरी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी।
इसी दबाव से परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया, ताकि मामला छिपाया जा सके।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




