भारत की सेना के समर्थन में देहरादून में कांग्रेस की तिरंगा यात्रा

भारत की सेना के समर्थन में देहरादून में कांग्रेस की तिरंगा यात्रा

देहरादून, 9 मई: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने आज भारतीय सेना के समर्थन में प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत कांग्रेस मुख्यालय से हुई और यह राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार होते हुए अंबेडकर मूर्ति स्थल तक पहुंची।

भारत की सेना जिंदाबाद और पाकिस्तान हो बर्बाद जैसे नारों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा थामे देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सभी राजनीतिक मतभेद भुलाकर सेना और केंद्र सरकार के साथ खड़े होने का संकल्प लिया।

करण माहरा ने कहा कि राष्ट्रीय संकट के समय कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से सरकार और सेना के साथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लिए किसी भी बलिदान को तैयार है।

पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को उसके हर दुस्साहस का जवाब मिला है और इस बार उसे पूरी तरह बर्बादी का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हर आपात स्थिति में सरकार और प्रशासन का साथ देने को तैयार हैं।

इस तिरंगा यात्रा में सुरेन्द्र शर्मा, प्रीतम सिंह, विक्रम सिंह नेगी, लखपत बुटोला, डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, ज्योति रौतेला समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

Saurabh Negi

Share