देहरादून में आपदा योद्धाओं को राज्यपाल ने किया सम्मानित, 2025 की आपदा में निभाई अहम भूमिका

देहरादून में आपदा योद्धाओं को राज्यपाल ने किया सम्मानित, 2025 की आपदा में निभाई अहम भूमिका

देहरादून में आयोजित एक सम्मान समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम लोक भवन में आयोजित हुआ, जहां राज्यपाल ने सभी कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की।

यह सम्मान 15-16 सितम्बर 2025 की रात सहस्त्रधारा-कार्लीगाड क्षेत्र में हुई भीषण बारिश और बादल फटने की घटना के दौरान किए गए राहत और बचाव कार्यों के लिए दिया गया। उस समय क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन और अन्य विभागों ने मिलकर तेजी से कार्रवाई की थी।

सम्मानित होने वालों में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी हर गिरि, अपर उप जिलाधिकारी न्यायिक कुमकुम जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार असवाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ एमए भट्ट, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश कोठारी, लाइनमैन अमन और कनिष्ठ अभियंता प्रदीप शाही शामिल रहे।

इस दौरान राज्यपाल ने जिलाधिकारी सविन बंसल की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में उन्होंने एक अग्रिम पंक्ति के नेतृत्वकर्ता के रूप में काम करते हुए बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया।

राज्यपाल ने कहा कि आपदा जैसी स्थितियों में पूर्व तैयारी और प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सैनिकों, सुरक्षाबलों और प्रशासनिक टीमों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना समाज की सेवा की, जो सभी के लिए प्रेरणा है।  कार्यक्रम में राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, जिलाधिकारी सविन बंसल और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Saurabh Negi

Share