देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार

देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार

देहरादून के डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई में उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छह आरोपी अभी फरार बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल के भीतर अज्ञात हमलावरों ने विक्रम शर्मा पर फायरिंग की थी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक जांच के साथ साक्ष्य जुटाए थे।

जांच में सामने आया कि मृतक झारखंड का हिस्ट्रीशीटर था। उस पर हत्या, रंगदारी सहित कई गंभीर मामलों के आरोप थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि तीन हमलावर मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे थे। वारदात के बाद वे सहस्रधारा की ओर भागे और वाहन बदलकर हरिद्वार की दिशा में फरार हो गए। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके बाद झारखंड और ग्रेटर नोएडा में कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इसे भी पढ़ें – व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र सशक्त, देहरादून में बोले मोहन भागवत

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षत ठाकुर उर्फ संजीव कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के जमशेदपुर के निवासी बताए गए हैं। फरार आरोपियों में अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेंद्र कुमार साहू शामिल हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं और प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

Saurabh Negi

Share