देहरादून में गैस सिलेंडर की किल्लत, एजेंसियों पर लंबी कतारों में खड़े दिखे उपभोक्ता

देहरादून में गैस सिलेंडर की किल्लत, एजेंसियों पर लंबी कतारों में खड़े दिखे उपभोक्ता

देहरादून में रसोई गैस सिलेंडर की कमी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शहर के कई गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि मोबाइल नंबर से गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय हालातों के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने का असर अब देहरादून की रसोई तक पहुंचने लगा है। बुधवार को शहर के कई गैस वितरण केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए।

नया गांव क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी पर सुबह लगभग आठ बजे से ही लोग कतार में लग गए थे। दोपहर तक करीब 320 सिलेंडर वितरित किए गए, जिसके बाद भंडार समाप्त हो गया। इससे अधिक 60 उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा।

शहर की अन्य गैस एजेंसियों पर भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। कई लोगों ने बताया कि वे कई दिनों से सिलेंडर बुक करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग नंबर पर कॉल नहीं लग रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर की उपलब्धता की जानकारी लेनी पड़ रही है।

होटल और भोजनालयों पर भी असर

घरेलू गैस की आपूर्ति किसी तरह जारी है, लेकिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जिले में 19 हजार से अधिक व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं और हर महीने 40 हजार से अधिक सिलेंडरों की खपत होती है।

कमी के कारण छोटे भोजनालय संचालक, ढाबा मालिक और रेस्तरां संचालक चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कई प्रतिष्ठानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है।

इसे भी पढ़ें – रूप छड़ी गायब होने की खबरें भ्रामक, परंपरा अनुसार धार्मिक कार्यक्रमों में ले जाने का अधिकार: रावल

इस बीच जिला पूर्ति अधिकारी के. के. अग्रवाल ने कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे सिलेंडर की बुकिंग कर घर पहुंच सेवा का इंतजार करें। साथ ही अधिकारियों की ओर से गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अवैध बिक्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Negi

Share