देहरादून में मेहंदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से फायर, महिला घायल

देहरादून में मेहंदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से फायर, महिला घायल

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में मेहंदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से फायर होने की घटना सामने आई है। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे नेहरू ग्राम क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी में हुई। एक आवास में प्री-वेडिंग मेहंदी समारोह चल रहा था। समारोह के दौरान लक्ष्मण सिंह नेगी कमर में लाइसेंसी पिस्टल लगाए हुए नृत्य कर रहा था। इसी दौरान पिस्टल से अचानक फायर हो गया।

शिकायतकर्ता कमल कुमार यादव के अनुसार गोली उनकी भाभी नीलिमा के पैर में लगी। महिला को गंभीर चोट आई और उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया गया। पिस्टल को कब्जे में ले लिया गया है।

थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि मामले में आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जिला मजिस्ट्रेट को शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी भेजी जाएगी। प्रारंभिक जांच में पिस्टल लोडेड होना सामने आया है। मामले की जांच जारी है।

Saurabh Negi

Share