देहरादून में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने चार मजदूरों को कुचला, चालक गिरफ्तार

देहरादून में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने चार मजदूरों को कुचला, चालक गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड पर बुधवार (12 मार्च) रात एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने सड़क किनारे चल रहे चार मजदूरों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार रोकने के बजाय आगे बढ़ा और एक स्कूटर को टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को बरामद कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

कैसे हुआ हादसा?

हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ जब चार मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मर्सिडीज कार बहुत तेज रफ्तार में थी और उसने पीछे से मजदूरों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मजदूर लगभग 30 मीटर दूर जा गिरे और पास की एक फुट ऊंची दीवार भी टूट गई।

हादसे के बाद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय कुछ दूर खड़े एक स्कूटर को भी टक्कर मारी और फिर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले उत्तरांचल आयुर्वेद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने चार मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

चालक गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा

गुरुवार को एसएसपी अजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हादसे के समय मर्सिडीज में 22 वर्षीय युवक और उसका 12 वर्षीय भांजा सवार थे। युवक दिल्ली का रहने वाला है और अपनी रिश्तेदारी में देहरादून आया हुआ था। उसकी बहन और जीजा यहां रहते हैं और उसी की कार लेकर वह बाहर निकला था।

एसएसपी के अनुसार, कार की रफ्तार 70 से 75 किमी प्रति घंटा थी। घटना के बाद आरोपी युवक ने कार को एक खाली प्लॉट में खड़ा किया और अपने दोस्त की स्कूटी लेकर भाग गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बच्चे से भी पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की भयावहता

स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा जैसे बम फटा हो। जैसे ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने सड़क पर चार मजदूरों को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। कुछ दूर एक स्कूटर भी गिरा हुआ था और दो लोग दर्द से कराह रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह गली में टहल रहे थे, तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। जब वे सड़क पर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल पड़े थे। हादसे के बाद शहरभर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हादसे के बाद पुलिस ने शहरभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। देहरादून पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची, जहां से इस वाहन की खरीदारी की गई थी। साथ ही, एक अन्य टीम चंडीगढ़ जाकर वाहन मालिक की जानकारी जुटा रही है।

इसे भी पढ़ें – पीएम आवास योजना 2.0: पिता को मिला घर तो बेटे को नहीं मिलेगा लाभ, केंद्र सरकार ने लागू किए नए नियम

दिनभर की मेहनत के बाद घर लौट रहे थे मजदूर

चारों मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद अपने घर लौट रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार मौत ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिस राह पर वे रोज़ मेहनत करके लौटते थे, वहीं उनकी जिंदगी का अंत हो गया।

Saurabh Negi

Share