देहरादून नारी निकेतन मौत मामला: महिला आयोग ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश

देहरादून नारी निकेतन मौत मामला: महिला आयोग ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश

देहरादून स्थित नारी निकेतन में एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने गंभीर संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। आयोग ने जिला प्रशासन से इस पूरे प्रकरण पर विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने को कहा है।

महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने जिलाधिकारी सविन बंसल को निर्देशित किया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और देखभाल के लिए स्थापित सरकारी संस्थान में इस प्रकार की घटना प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी के अनुसार मृतक महिला पिछले छह महीनों से नारी निकेतन में रह रही थी और उसकी स्थिति में सुधार की बात कही जा रही थी। रात करीब 11 बजे नियमित जांच के दौरान वह सोती हुई पाई गई, लेकिन सुबह करीब 3 बजे अगली जांच में वह सीढ़ियों की रेलिंग से लटकी हुई मिली। इस चार घंटे के अंतराल ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला आयोग ने घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इसके साथ ही आयोग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कई सुधारात्मक उपाय सुझाए हैं। इनमें मानसिक रूप से संवेदनशील महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाना, सीसीटीवी कैमरों की संख्या में वृद्धि, रात्रि ड्यूटी में कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी शामिल है।

आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि यह जांच की जाए कि महिला किसी मानसिक दबाव या पारिवारिक कारणों से तनाव में तो नहीं थी। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही नारी निकेतन में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Saurabh Negi

Share