देहरादून शूटआउट: अब फिर जिम के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या

देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावर ने उनके सिर में गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार हमलावर पैदल आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। विक्रम शर्मा संपत्ति और खनन से जुड़े कार्यों में सक्रिय बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
दिनदहाड़े शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस फायरिंग से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और निकासी बिंदुओं पर चेकिंग बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – देहरादून अर्जुन हत्याकांड: संपत्ति विवाद और पारिवारिक रिश्ते जांच के केंद्र में
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।




