देहरादून रेस्टोरेंट विवाद में चली गोली, युवक गंभीर

देहरादून 9 अगस्त — राजधानी के राजपुर क्षेत्र में कल रात (शुक्रवार) एक रेस्टोरेंट में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खाने के दौरान कहासुनी से शुरू हुआ मामला रेस्टोरेंट के बाहर गोलीबारी तक पहुंच गया, जिसमें अनारवाला निवासी संभव गुरुंग गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे संभव गुरुंग अपने साथियों के साथ राजपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खा रहा था। इस दौरान उसकी दो युवकों और एक युवती से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष बाहर निकलते ही फिर भिड़ गए। मौके पर मौजूद संभव के 10–12 साथियों के बीच तनाव बढ़ा तो दूसरे पक्ष के एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली संभव के सीने में लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा।
घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। राजपुर थाने में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इसे भी पढ़ें – रक्षाबंधन पर देहरादून में यातायात प्रबंधन ध्वस्त, जाम से ठप रही शहर की रफ्तार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका पहले भी देर रात विवाद और हुड़दंग का केंद्र रहा है, लेकिन रात्रिकालीन पुलिस गश्त और निगरानी में लगातार ढिलाई के कारण घटनाएं बढ़ रही हैं।