देहरादून में 1 लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, ओडिशा जेल से फरार था आरोपी

देहरादून में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी ओडिशा की जेल से फरार होकर कई महीनों से छिपकर रह रहा था। संयुक्त टीम ने उसे इंद्रमणि बडोनी चौक के पास से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजा सहानी (34) बिहार के बेगूसराय का निवासी है। वह लूट और दो हत्या के मामलों में ओडिशा की कटक जेल में बंद था। 2 अक्टूबर 2025 को वह जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था।
थाना प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि ओडिशा पुलिस को आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट क्षेत्र में मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने निगरानी शुरू की और ढालवाला रोड पर एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की। कार की पिछली सीट पर बैठा आरोपी मौके पर ही पहचान लिया गया।
कार में एक महिला समेत तीन अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ओडिशा पुलिस को सौंपा जाएगा।
इसे भी पढ़ें – हरिद्वार में तेंदुए का हमला, बहादराबाद कॉलेज के पास चाचा-भतीजा घायल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले एक ज्वेलरी शॉप लूटकांड में पकड़ा गया था, जिसमें फायरिंग के दौरान दो लोगों की मौत हुई थी। बाद में उसने जेल से भागने के लिए लोहे की सलाखें काटीं और कंबल की मदद से दीवार पार कर ली। इस गिरफ्तारी से जहां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई सामने आई है, वहीं आरोपी के जेल से फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।




