देहरादून विजिलेंस ट्रैप: 80 हजार रिश्वत लेते बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार

देहरादून विजिलेंस ट्रैप: 80 हजार रिश्वत लेते बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार

देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड विजिलेंस स्थापना ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर 80 हजार रुपये की घूस लेने का आरोप है। गिरफ्तार जेई की पहचान अतुल कुमार के रूप में हुई है, जो पथरीबाग स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में तैनात था। आरोप है कि उसने एक शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए फ्लैट के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने और लोड बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता ने मामले की सूचना विजिलेंस विभाग को दी थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

ट्रैप के दौरान विजिलेंस टीम ने आरोपी को 80 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने मौके से साक्ष्य भी एकत्र किए और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य किसी कर्मचारी की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।

इसे भी पढ़ें – देहरादून ट्रेन डिरेलमेंट मामला: नंदा देवी एक्सप्रेस घटना में शंटिंग मास्टर पर चार्जशीट 

इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जानकारी दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Saurabh Negi

Share