देहरादून में सनसनीखेज हत्या: घर के बाहर युवती पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में सनसनीखेज हत्या: घर के बाहर युवती पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। 23 वर्षीय युवती की उसके घर के बाहर ही धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गुन्नू के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सुबह अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी एक युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक धारदार हथियार (छपड़) निकाला और युवती की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती मौके पर ही गिर पड़ी।

स्थानीय लोग तुरंत घायल युवती को दून अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की। हत्या की वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय दोनों देखने को मिला।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित हमला प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें – चमोली के डूंगर गांव में ग्रामीणों ने चंदे से शुरू किया सड़क निर्माण, वन विभाग ने रुकवाया काम

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Negi

Share