देवप्रयाग में नृसिंहगाचल पर्वत से गिरे बोल्डर, मकान क्षतिग्रस्त, एक घायल, कई वाहन दबे

देवप्रयाग में नृसिंहगाचल पर्वत से गिरे बोल्डर, मकान क्षतिग्रस्त, एक घायल, कई वाहन दबे

देवप्रयाग के बहा बाजार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब नृसिंहगाचल पर्वत का एक हिस्सा अचानक दरक गया। तेज गर्जना के साथ विशाल बोल्डर और मलबा नीचे बहा बाजार की ओर आ गिरा, जिससे कम से कम तीन मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक व्यक्ति घायल हो गया। मलबे की चपेट में कई वाहन भी आ गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर बाद उस समय हुआ जब क्षेत्र में बादल घिरने के साथ ही अचानक तेज़ हवा और हल्की बारिश शुरू हुई। तभी नृसिंहगाचल पर्वत का एक हिस्सा दरकने लगा और कुछ ही सेकंड में भारी भरकम बोल्डर तेजी से नीचे गिरते हुए बहा बाजार तक जा पहुंचे। घटना स्थल के पास खड़ी कुछ दोपहिया और चारपहिया वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए हैं। हालांकि अभी तक किसी और के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

इन बोल्डरों की चपेट में आकर विपिन चंद्र मिश्रा, भगवती प्रसाद मिश्रा और पनीलाल के मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के वक्त पनीलाल अपने घर के भीतर ही मौजूद थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें आनन-फानन में पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह इलाका पहले भी भूस्खलन की चपेट में आ चुका है। साल 2010 में भी इसी पर्वत से भारी बोल्डर गिरने की घटना घटी थी, जिसमें एक मकान पूरी तरह तबाह हो गया था। बावजूद इसके, आज तक इस संवेदनशील क्षेत्र में न तो ठोस सुरक्षा उपाय किए गए और न ही कोई स्थायी पुनर्वास योजना बनाई गई।

इसे भी पढ़ें – परिवहन निगम के डीजीएम भूपेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, विजिलेंस दर्ज करेगी मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। SDRF और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। पहाड़ी से गिरते बोल्डरों और ढीले मलबे के चलते राहत कार्यों में बाधा आ रही है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों को एहतियातन खाली करवा दिया है।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष जताया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस खतरे से जूझ रहे हैं लेकिन शासन-प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

Saurabh Negi

Share