देवप्रयाग में रेल परियोजना से जुड़े युवक की होटल में संदिग्ध मौत, जांच शुरू

देवप्रयाग में ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से जुड़ी निर्माण एजेंसी में कार्यरत एक युवक का शव होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला है। घटना डाक बंगला–धर्मपुर रोड स्थित उस होटल की है, जहां कंपनी ने अपने कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था की थी। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौतम सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तरकाशी जिले के किशनपुर गांव का निवासी था। वह नवयुगा कंपनी में सहायक रसोइया के पद पर कार्यरत था और पिछले करीब दो वर्षों से रेल परियोजना से जुड़े कार्य में लगा हुआ था। गौतम उसी होटल में रह रहा था, जिसे कंपनी ने कर्मचारियों के लिए किराये पर लिया था।
देवप्रयाग थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा के अनुसार बुधवार शाम नवयुगा कंपनी के प्रबंधक सी. श्रीपाल सिंह ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि होटल के जिम एरिया में गौतम सिंह का शव पंखे से लटका मिला है। सूचना मिलते ही एसएसआई अरुण त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गौतम सिंह हाल ही में छुट्टी बिताकर देवप्रयाग लौटा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसकी दादी का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके कारण वह 17 दिन की छुट्टी पर घर गया हुआ था। दादी के निधन से जुड़ा तेरहवीं संस्कार गुरुवार को होना था।
मृतक के परिवार में एक बड़ा भाई और एक बहन हैं। सूचना मिलने के बाद परिजन उत्तरकाशी से देवप्रयाग पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




