देहरादून में जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप, लापरवाही पर गिरी गाज

देहरादून में जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप, लापरवाही पर गिरी गाज

देहरादून, 13 सितंबर 2024 – देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है, जिसमें लापरवाह कर्मचारियों और लचर कार्यप्रणाली को सुधारने पर जोर दिया जा रहा है। भारी बारिश के बावजूद डीएम का दफ्तरों के निरीक्षण का जज्बा कम नहीं हुआ। डीएम ने अपने कार्यालय सहित कई सरकारी दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें देरी से आने वाले कर्मचारियों और सुस्त कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाया गया।

जिलाधिकारी सविन बंसल सुबह 9:50 बजे तहसील सदर पहुंचे और वहां उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। इस दौरान 10:30 बजे तक भी नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। साथ ही, लापरवाह कर्मचारियों के तबादले और वेतन कटौती जैसी कार्रवाई भी की गई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने एमडीडीए कार्यालय की खराब लिफ्ट को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए और सफाई व्यवस्था की खामियों पर भी नाराजगी जाहिर की। तहसील परिसर में सीढ़ियों पर गंदगी मिलने पर ठेकेदार पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया गया।

वसूली बढ़ाने के निर्देश

वसूली मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10 लाख से अधिक के बकायेदारों से एक माह के भीतर वसूली की जाए। इसमें लापरवाही बरतने पर निलंबन की चेतावनी भी दी गई।

इसे भी पढ़ें – 1971 के युद्ध के वीर सैनिक गोपाल जंग को अंतिम यात्रा में भी लड़ना पड़ा ‘युद्ध’

पुरानी तहसील में पार्किंग की योजना

पुरानी तहसील के निरीक्षण के बाद डीएम ने एमडीडीए, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर मैकेनिकल ऑटोमेटेड पार्किंग बनाने का निर्णय लिया। इससे बाजार की सड़कों पर जाम की समस्या में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनमानस की समस्याओं को संवेदनशीलता से निपटाने और सुस्त कार्यप्रणाली में सुधार करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि लापरवाह नौकरशाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, मुख्य नगर आयुक्त बीर सिंह बुदियाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Share