दून अस्पताल में आज 189 उपनल कर्मचारी हड़ताल पर, दिनभर स्वास्थ्य सेवाएं रहीं प्रभावित

दून अस्पताल में आज 189 उपनल कर्मचारी हड़ताल पर, दिनभर स्वास्थ्य सेवाएं रहीं प्रभावित

देहरादून : राजधानी के दून अस्पताल में आज 189 उपनल कर्मचारियों की हड़ताल से दिनभर स्वास्थ्य सेवाएं अस्त-व्यस्त रहीं। नर्स, फार्मासिस्ट, क्लर्क और सफाईकर्मी नियमितीकरण सहित कई मांगों को लेकर सुबह से ही काम छोड़कर धरने पर बैठ गए।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक हड़ताल में 58 नर्सें, 108 सफाईकर्मी, 20 क्लर्क और तीन फार्मासिस्ट शामिल रहे। एक साथ 20 क्लर्कों के हड़ताल पर जाने से बिलिंग और पंजीकरण सेवाएं दिनभर बाधित रहीं। मरीजों को रजिस्ट्रेशन और रिपोर्ट लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सेवाएं पूरी तरह ठप न हों, इसके लिए अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी का रोस्टर बदलकर वैकल्पिक व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि “मरीजों की संख्या अधिक होने से परेशानी बढ़ी है, लेकिन इलाज में कोई रुकावट न हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं।”

उपनल कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो वे कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। उनकी प्रमुख मांगों में सेवा का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, और अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी दर्जा देना शामिल है।

अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन के बीच वार्ता के प्रयास जारी हैं, लेकिन हड़ताल के चलते ओपीडी और सफाई व्यवस्था पर सबसे ज्यादा असर देखा गया।

Saurabh Negi

Share