राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक लाने वाले कर्मचारियों को मिलेगी तीन विशेष वेतन वृद्धि, शासनादेश जारी

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक लाने वाले कर्मचारियों को मिलेगी तीन विशेष वेतन वृद्धि, शासनादेश जारी

प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में पदक लाने पर विशेष वेतन वृद्धि मिलेगी। इसका शासनादेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है 1 जनवरी 2016 से यह प्रभावी होगा। विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों को अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने पर पूरे सेवाकाल में तीन विशेष वेतन वृद्धि वैयक्तिक वेतन के रूप में दिए जाने को मंजूरी दी गई है।

ऐसी खेल प्रतियोगिता, जो मान्यता प्राप्त संघों की ओर से राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो। इन प्रतियोगिताओं में राज्य सरकार की सेवा में नियुक्ति खिलाड़ियों को एकल या टीम के रूप में पदक पाने पर एक विशेष वेतन वृद्धि दी जाएगी। संबंधित खिलाड़ी के कोच या टीम के मैनेजर इस वेतनवृद्धि के लिए पात्र नहीं होंगे। सरकारी कर्मचारी खिलाड़ी को विशेष वेतन वृद्धि वैयक्तिक वेतन के रूप में साल में केवल एक ही बार दी जाएगी। भले ही संबंधित कर्मचारी ने साल में एक से अधिक बार आयोजित प्रतियोगिता में पहला, दूसरा या तीसरा स्थान प्राप्त किया हो।

आदेश में यह भी कहा गया है कि विशेष वेतन वृद्धि की यह सुविधा केवल राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों को ही मिलेगी। राज्य के निगम, सार्वजनिक उपक्रम, स्वायत्तशासी संस्था, अर्द्धशासकीय संस्थाओं के कर्मचारियों, खिलाड़ियों के लिए यह सुविधा लागू नहीं होगी। खेल निदेशक जितेंद्र सोनकर के मुताबिक इससे कर्मचारी खेलों के प्रति आकर्षित होंगे।

सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। इससे कर्मचारी प्रोत्साहित होंगे और खेल संस्कृति भी बनी रहेगी। कर्मचारी खेलेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। इससे उनके काम का अच्छा आउटपुट मिलेगा।
– रेखा आर्य, खेल मंत्री

Related articles

Leave a Reply

Share