उत्तराखंड में मोबाइल विवाद बना दोस्ती की मौत का कारण, युवक ने करीबी दोस्त की गला घोंटकर हत्या

उत्तराखंड में मोबाइल विवाद बना दोस्ती की मौत का कारण, युवक ने करीबी दोस्त की गला घोंटकर हत्या

उत्तराखंड के कंकरखत्ता गांव से दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने मामूली मोबाइल फोन विवाद के बाद अपने ही करीबी दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि मृतक युवक ने ही आरोपी की आर्थिक मदद की थी और अपने दस्तावेज देकर उसे किश्तों पर मोबाइल फोन दिलवाया था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 जनवरी की है। आरोपी रोहित उर्फ बालू, उसका दोस्त सनी और एक अन्य युवक सुल्तानपुर गए थे। वहां रोहित ने सनी की मदद से मोबाइल फोन खरीदा। मोबाइल सनी के नाम पर लिया गया था और डाउन पेमेंट भी उसी ने की थी। इसके बाद तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। कुछ समय बाद रोहित और सनी कुन्हाड़ी स्थित शराब की दुकान पर दोबारा शराब लेने पहुंचे, जहां मोबाइल को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ गया कि रोहित ने सनी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कुन्हाड़ी गांव के पास गन्ने के खेत में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। इतना ही नहीं, रोहित बाद में सनी के परिवार और गांववालों के साथ रहकर उसकी तलाश का नाटक करता रहा और लोगों को गुमराह करता रहा।

जब सनी के लापता होने को लेकर संदेह गहराया तो पुलिस ने उसके करीबी दोस्तों से पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर कंकरखत्ता निवासी रोहित उर्फ बालू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गन्ने के खेत से सनी का शव बरामद किया। इंस्पेक्टर राजीव रौथान ने बताया कि गुमशुदगी के मामले को हत्या में तब्दील कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि सनी और रोहित हमउम्र थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। वे साथ में मजदूरी का काम करते थे और अक्सर दोस्तों के साथ समय बिताते थे। सनी को अंदाजा भी नहीं था कि दोस्त की मदद करना उसकी जान पर भारी पड़ जाएगा।

इसे भी पढ़ें – विकासनगर के पास खाई में गिरी एचपी रोडवेज बस, तीन यात्रियों की मौत

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि शराब के नशे में होने वाले छोटे-छोटे विवाद किस तरह गंभीर और जानलेवा अपराधों में बदल रहे हैं। हाल के वर्षों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें नशे की हालत में हुए झगड़े ने युवाओं की जान ले ली है।

Saurabh Negi

Share