अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट, गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक का ऐलान

अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट, गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक का ऐलान

उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम के कपाट इस वर्ष अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को दोपहर 12:15 बजे शुभ लाभ बेला में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत होगी।

मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि कपाट खुलने से एक दिन पहले 18 अप्रैल को मां गंगा की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। यह डोली पारंपरिक विधि-विधान, सेना के बैंड और ढोल-दमाऊं की ध्वनि के साथ यात्रा करेगी।

डोली यात्रा रात में भैरव मंदिर भैरव घाटी में विश्राम करेगी और अगले दिन पैदल यात्रा करते हुए गंगोत्री धाम पहुंचेगी। अक्षय तृतीया के दिन पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट छह माह के लिए खोल दिए जाएंगे।

इस बीच मंदिर समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यह निर्णय धार्मिक परंपराओं और आस्था की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

कपाट खुलने के साथ ही गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है और प्रशासन भी यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने की तैयारियों में जुटा है।

Saurabh Negi

Share