उत्तरकाशी में डबराणी के पास गंगोत्री हाईवे पर हिमस्खलन, बोल्डर और बर्फ के कारण रास्ता बंद

उत्तरकाशी में डबराणी के पास गंगोत्री हाईवे पर हिमस्खलन, बोल्डर और बर्फ के कारण रास्ता बंद

चमोली के बाद अब उत्तरकाशी जिले में भी हिमस्खलन की घटना सामने आई है। गंगोत्री हाईवे पर डबराणी के पास शुक्रवार दोपहर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में बर्फ और बोल्डर गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण अचानक कच्ची बर्फ, मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ गिरे, जिससे यातायात बाधित हो गया। मलबा भागीरथी नदी तक जा पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हाईवे बंद, वाहनों को लौटाया गया

हिमस्खलन के कारण भटवाड़ी में वाहनों को रोककर वापस भेजा जा रहा है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की मशीनें रास्ता खोलने के लिए तैनात की गई हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों के कारण राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भटवाड़ी से आगे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी है।

गंगोत्री और यमुनोत्री में भारी बर्फबारी

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी भारी बर्फबारी जारी है। दोनों तीर्थ स्थलों पर करीब चार फीट बर्फ गिर चुकी है। वहीं, गंगोत्री हाईवे भी सुक्की टॉप से आगे बर्फबारी और भूस्खलन के कारण सुबह से ही बंद पड़ा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की टीम हालात पर नजर बनाए हुए हैं और मौसम में सुधार होते ही रास्ता खोलने का प्रयास किया जाएगा।

Saurabh Negi

Share