गढ़वाल विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह: 177 शोधार्थियों को उपाधि, 79 छात्रों को स्वर्ण पदक

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित हुआ, जिसमें शैक्षणिक सत्र 2022–24 और 2023–25 के कुल 6,806 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह में 649 प्रतिभागी पंजीकृत रहे, जिनमें 472 स्नातकोत्तर छात्र और 177 शोधार्थी शामिल थे।
इस अवसर पर 79 मेधावी छात्रों को मंच पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक के लिए कुल 105 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 2022–24 सत्र के 50 और 2023–25 सत्र के 55 छात्र शामिल रहे। इसके अलावा दोनों सत्रों के कुल 319 शोधार्थियों को शोध उपाधि प्रदान की गई।
समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति डॉ योगेंद्र नारायण ने की, जबकि उद्घाटन उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने किया। मंत्री ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और मूल्यांकन में सुधार का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन की आवश्यकता बताई। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि उपाधि केवल प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्रों से ज्ञान का उपयोग समाज और देश के विकास में करने का आह्वान किया।
इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संदेश भी पढ़ा गया, जिसमें विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी गई।
समारोह में विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका “माउंटेन रिसर्च” का विशेष अंक भी जारी किया गया। खास बात यह रही कि इस बार छात्रों ने पारंपरिक शैक्षणिक पोशाक की जगह क्षेत्रीय वेशभूषा में उपाधियां प्राप्त कीं, जिससे स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिला।
इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड मौसम अलर्ट: बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, मोबाइल पर आए संदेश से बढ़ी चिंता
उपलब्धि हासिल करने वालों में 2022–24 सत्र की ज्योति और 2023–25 सत्र के मनीष शिवांशु ने अपने-अपने विषयों में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए पांच-पांच स्वर्ण पदक हासिल किए।




