हल्द्वानी के पीपलपोखरा गांव में बाघ का हमला, महिला लापता

हल्द्वानी के फतेहपुर वन रेंज अंतर्गत पीपलपोखरा गांव में बाघ के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। गुरुवार को घास काटने जंगल गई 60 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर घसीट ले गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार पीपलपोखरा निवासी गंगा देवी दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल गई थीं। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला किया। साथ मौजूद महिलाओं ने किसी तरह भागकर गांव पहुंचकर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल से महिला की साड़ी और कुछ बाल बरामद हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई पता नहीं चल सका था।
ग्राम प्रधान विनोद सिंह निगल्टिया ने बताया कि मुखानी थाना प्रभारी और वन विभाग के अधिकारी जंगल क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। आसपास के इलाकों में भी सघन सर्च किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – देहरादून अर्जुन हत्याकांड: संपत्ति विवाद और पारिवारिक रिश्ते जांच के केंद्र में
इस घटना के बाद हल्द्वानी क्षेत्र में आबादी के पास वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधि को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने तक लोगों से अकेले जंगल न जाने की अपील की है।




